रुद्रप्रयाग। अगस्त्य स्वयं सहायता समूह एवं नगर व्यापार संघ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अगस्त्यमुनि को पंखे भेंट किए। सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में की गई इस पहल का अस्पताल प्रबंधन के साथ ही स्थानीय जनता ने स्वागत किया। इससे अस्पताल में आने वाले मरीज, स्वास्थ्य कर्मी एवं तीमारदारों को गर्मी से राहत मिलेगी। व्यापार संघ एवं अगस्त्य स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी ने बताया कि जन सुविधाओं को देखते हुए जनहित का खयाल रखना सभी की जिम्मेदारी है। पंखों की यह भेंट उसी भावना का एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने बताया कि सरकार स्वास्थ्य केंद्र में द्वारा विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के साथ निरंतर सुविधाओं में इजाफा किया गया है। अस्पताल प्रशासन बेहतर सेवाएं दे रहा है, जिससे जनता को मदद मिल रही है। इस मौके पर स्वयं सहायता समूह के सदस्यों द्वारा चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल उपाध्याय को बाबा केदारनाथ और चारधामों की तस्वीरें भेंट कर आभार प्रकट किया गया। सीएचसी के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल उपाध्याय ने इस योगदान के लिए व्यापार संघ एवं स्वयं सहायता समूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे मरीजों और स्टाफ दोनों को काफी राहत मिलेगी। यह प्रयास न केवल सामाजिक सेवा की मिसाल है, बल्कि अन्य संगठनों को भी प्रेरणा देता है कि वे समाजहित में आगे आएं। इस मौके पर स्वयं सहायता समूह के सचिव सुनील नेगी, कोषाध्यक्ष प्रवेन्द्र पंवार, सदस्य सत्या नेगी, विलोचन भट्ट, आलोक नेगी, उत्तम नेगी, पूर्ण चौधरी, अस्पताल प्रशासन से डीएल मंगवाल मौजूद थे।