हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में जारी सांकेतिक हड़ताल 21वें दिन भी लगातार जारी रही। धरने पर समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज व महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने कहा कि पिछले तीन सप्ताह से जारी कर्मचारियों का यह आंदोलन अब निर्णायक मोड़ की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय में दायर किए गए वाद की सुनवाई 30 जुलाई को होनी है। कर्मचारियों को पूर्ण विश्वास है कि माननीय उच्च न्यायालय में कर्मचारियों का पक्ष सुनने के उपरान्त कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों के आधार पर कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय आएगा। यह निर्णय न्याय व तर्कसंगत साक्ष्यों की जीत होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने माननीय उच्च न्यायालय में समय-समय पर भारत सरकार व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा निर्गत किए गए नियमानुसार आदेशों को आधार बनाते हुए अपना पक्ष न्यायालय में प्रस्तुत किया है। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि समविश्वविद्यालय में भारत सरकार व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नियमों को देश के अन्य विश्वविद्यालयों की भांति लागू किए जाने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। कर्मचारियों का कहना है कि वह किसी व्यक्ति विशेष या संगठन विशेष के प्रति आंदोलनरत नहीं है। उनकी लड़ाई सिद्धान्तों व नियमों की है जिनका अक्षतः पालन किया जाना समविश्वविद्यालय व सभी कर्मचारियों के हित में होगा।