बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े के निर्देशों के क्रम में जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी, सुचारू एवं उपभोक्ता हितैषी बनाए रखने हेतु सभी तहसीलों में सघन मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था का निरंतर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। उपजिलाधिकारी गरुड़ वैभव काण्डपाल द्वारा गरुड़ क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान एचपी गैस एजेंसी, टीट बाजार कौसानी एवं इंडेन गैस एजेंसी गागरीगोल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों, स्टॉक स्थिति एवं अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि कौसानी क्षेत्र में एचपी गैस एजेंसी तथा छतिया, गागरीगोल, पुरड़ा, भौरा एवं उदखुली क्षेत्रों में इंडेन गैस एजेंसी द्वारा नियमित वितरण किया जा रहा है।
वहीं गरुड़ तहसीलदार निशा रानी द्वारा भी अपने क्षेत्र में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर समस्त व्यवस्थाओं का सत्यापन किया गया। उपजिलाधिकारी कपकोट अनिल कुमार चन्याल ने कपकोट क्षेत्र में गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली एवं उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडरों का वितरण समयबद्ध एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में तहसीलदार कपकोट नितिशा आर्या द्वारा शिखर भारत गैस सर्विस, शामा का निरीक्षण करते हुए वितरण प्रणाली, स्टॉक स्थिति एवं उपभोक्ता शिकायत निवारण व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा संबंधित संचालकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।तहसीलदार बागेश्वर ऋतु गोस्वामी द्वारा बागेश्वर क्षेत्र में ठाकुरद्वारा, पेट्रोल पंप के निकट एवं आरे बाईपास क्षेत्रों में इंडेन गैस द्वारा की जा रही आपूर्ति की मॉनिटरिंग की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से संवाद कर उनके बुकिंग नंबर की जांच की तथा वितरण की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया। साथ ही पूर्व में वितरित सिलेंडरों के उपभोक्ताओं की सूची से रैंडम कॉल कर आपूर्ति की पुष्टि भी की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी अथवा लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की शिकायत की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जनपद में गैस आपूर्ति पूर्णतः सामान्य एवं पर्याप्त है तथा प्रशासन द्वारा इसकी निरंतर निगरानी कर समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।


