विकासनगर। चकराता विधानसभा क्षेत्र में नागथात के ग्रामीणों ने विधायक प्रीतम सिह से देहरादून में उनके आवास में भेंट की। इस दौरान उन्होंने टिकरधार से बिसोई मोटर मार्ग तक वैकल्पिक मार्ग और खेल मैदान निर्माण की मांग की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मुख्य मार्ग नागथात बाजार से होकर जाता है। नागथात क्षेत्र में समय-समय पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन होते हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इससे मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। कहा कि टिकरधार मार्ग का निर्माण होने से बिसोई मोटर मार्ग तक वैकल्पिक बाईपास मोटर मार्ग बन जाएगा। नागथात कस्बे से गुजरने वाले ट्रैफिक को वैकल्पिक दिशा में मोड़ा जा सकेगा। इससे यातायात व्यवस्था बनी रहेगी। ग्रामीणों ने कहा कि नागथात में युवाओं एवं बच्चों के लिए उपयुक्त खेल सुविधाओं का अभाव है। क्षेत्र में करीब 20 गोवां के युवक-युवतियों सीमित संसाधनों के कारण खेल गतिविधियों में भाग नहीं ले पा रहे हैं। इससे खेल प्रतिभाएं सामने नहीं आ पाती हैं। कहा कि नागथात में खेल मैदान का होना अत्यंत आवश्यक है। जिला पंचायत की भूमि को नागथात में खेल मैदान के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह इन मांगों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में समिति अध्यक्ष नरेश चौहान, अध्यक्ष खत बहलाड़ बलबीर सिंह चौहान, महावीर सिंह चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, मोहर सिंह चौहान, शमशेर सिंह चौहान, अध्यक्ष व्यापार मंडल नागथात दीलेराम जोशी, भगत सिंह चौहान, दिलीप सिंह चौहान, अंकित चौहान और दिनेश रावत आदि शामिल रहे।


