बागेश्वर। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया ने बुधवार को शामा, कीमू तथा गोगिना में जन संवाद कार्यक्रम किया। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बेहतर काम कर रही है। केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों को लाभ मिल रहा है। इसी का असर बिहार विधानसभा चुनाव में देखने को मिला है। क्षेत्र में पहुंचने पर लोगों ने विधायक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। सबसे पहले विधायक शिखर मंडल के ग्राम पंचायत शामा पहुंचे। इसके बाद गोगिना फिर कीमू। यहां लोगों के साथ जनसंवाद किया। संवाद के माध्यम से स्थानीय लोगों से चर्चा की। सरकार की योजनाएं बताईं। विधायक ने कहा कि आयुष्मान कार्ड हर गांव में बनने हैं। इसके लिए आशाओं को जिम्मेदारी दी गई है। जिन लोगों ने कार्ड नहीं बनाए हैं वह बनाएं। यदि गांव की आशा बहन जानकारी मांगती है तो उन्हें सही जानकारी दें। जिन लोगों के कार्ड नहीं बने हैं वह बन जाएंगे। इस कार्ड से सरकारी तथा निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का इलाज संभ्व है। कई लोग इसका लाभ ले चुके हैं। लोगों ने बिजली, पानी, सड़क तथा राशन कार्ड की समस्या रखी। विधायक ने मौके से ही संबंधित विभाग के अधिकारी को फोन लगाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष हरीश कोरंगा, भगवत कोरंगा, ग्राम प्रधान शामा प्रेमा देवी, आनंद सिंह कोरंगा, सुरेश कांडपाल, जगत सिंह कोश्यारी, मोहन सिंह, पोखर सिंह आदि मौजूद रहे।


