Tuesday, March 17, 2026

Latest Posts

दिनेशपुर में गैस संकट पर उपभोक्ताओं का हंगामा


रुद्रपुर। नगर में भारत गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर गुरुवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हो गए। लगातार तीन दिनों से गैस की गाड़ी न आने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया। सरकार और एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। गूलरभोज मार्ग स्थित भारत गैस एजेंसी पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सुबह से लाइन में लगे उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिला। लोगों का कहना था कि कई दिनों से घरों में गैस खत्म हो गई है, जिससे खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। सुबह से लंबी लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब उन्हें सिलेंडर नहीं मिला तो लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस आपूर्ति में लापरवाही के कारण आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे लोगों में खासा रोष देखने को मिला। मामले की जानकारी मिलने पर एक जनप्रतिनिधि ने एडीएम से फोन पर वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। फिलहाल गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है और वे जल्द से जल्द नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में नगर पंचायत वार्ड नंबर दो की सभासद नित्तो मंडल, सुनीता दास, सुशील चंद्र, लीला देवी, प्रभास विश्वास, रामकमल वैद्य, शीला गोलदार, हंसा देवी, सुमंगल विश्वास, कमल मंडल, सुरेंद्र सिंह, मनोज मंडल, रविदास, कमल कांत, सुनीता राय, लक्ष्मी मंडल, रीता, गुड़िया देवी, कुमुदिनी वाला, सरस्वती बाछाड़, नमिता दास, कमला देवी, लक्ष्मी देवी, नंदिनी रावत और सुरेश्वरी सहित सैकड़ों उपभोक्ता मौजूद रहे।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण: एसडीएम ऋचा सिंह ने दोपहर बाद दिनेशपुर पहुंचकर पूर्ति अधिकारी और संबंधित गैस एजेंसी से वार्ता की। इसके बाद उन्होंने प्रेस के माध्यम से जानकारी दी कि शुक्रवार को समय से दिनेशपुर गैस की गाड़ी पहुंचेगी और उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। इस दौरान उपभोक्ताओं ने एसडीएम से मांग की कि दिनेशपुर में भारत गैस का गोदाम भी इंडियन गैस की तरह स्थापित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.