अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रानीखेत और एसओजी की संयुक्त टीम ने टूरिस्ट बनकर गांजा तस्करी कर रहे तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार करते हुए करीब 66 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16.57 लाख रुपये आंकी गई है। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी तथा एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अशोक द्वार के पास चेकिंग के दौरान रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही सफेद रंग की हुंडई औरा कार को रोका। जांच के दौरान कार में सवार तीन युवकों ने खुद को पर्यटक बताते हुए ट्रॉली बैग में सामान होने की बात कही, लेकिन तलाशी लेने पर बैगों में कपड़ों की जगह गांजा भरा मिला। पुलिस ने मौके से 66.288 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सराईखेत क्षेत्र से गांजा लेकर ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद की ओर जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों में बेचने की योजना थी। इस मामले में कोतवाली रानीखेत में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोतों की जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकाश (25 वर्ष), निवासी काशीपुर खरमासी, अनमोल सिंह (25 वर्ष), निवासी रामनगर रोड रम्पूरा काशीपुर और जसपाल सिंह (23 वर्ष), निवासी प्रतापपुर नंबर सात, थाना नानकमत्ता, तीनों जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह और होमगार्ड मनोज सिंह करायत शामिल रहे।


