Thursday, February 5, 2026

Latest Posts

बीडीसी बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश

चमोली। विकासखंड ज्योतिर्मठ की पहली बीडीसी बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं कई अधिकारियों को योजनाओं की सही जानकारी भी नहीं थी। इस पर सीडीओ ने अधिकारियों को बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आने और योजनाओं से लेकर क्षेत्र की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। पंचायत चुनाव के बाद ज्योतिर्मठ विकासखंड की बृहस्पतिवार को ब्लॉक सभागार में प्रथम बैठक ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी भी बैठक में मौजूद रहे। सदस्यों ने सबसे अधिक मामले लोनिवि, शिक्षा और पेयजल संबंधी उठाए गए लेकिन बैठक में लोनिवि, शिक्षा विभाग, जल निगम, यूपीसीएल व सिंचाई विभाग के सक्षम अधिकारी अनुपस्थित रहे। जो अधिकारी वहां मौजूद थे वे न तो योजनाओं की सही जानकारी दे पाए न ही उन्हें क्षेत्र की उचित जानकारी थी। इस पर सीडीओ ने अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद सदस्यों ने मारवाड़ी से थैंग मोटर मार्ग, हेलंग-उर्गम सड़क, सलूड़-डुंग्रा सड़क की बदहाल स्थिति को रखा। इसके अलावा अन्य क्षेत्र की सड़कों की समस्याओं का मुद्दा भी सदस्यों ने उठाया। बड़ागांव की प्रधान वीना देवी ने कहा कि जीआईसी बड़ागांव में सफाई कर्मी नहीं होने से बच्चों को सफाई करनी पड़ती है, विद्यालय में तत्काल सफाई कर्मी की नियुक्ति की जाए। पगनों के ग्राम प्रधान रमेश चंद्र ने कहा कि आपदा के बाद से प्राथमिक विद्यालय पंचायत भवन में संचालित हो रहा है। उन्होंने जल्द भवन निर्माण की मांग की। मलारी के प्रधान देव सिंह राणा ने गांव की पेयजल लाइन को ठीक कराने की मांग की और कई समस्याएं भी रखीं। इस दौरान ज्येष्ठ उपप्रमुख गुड्डी देवी, कनिष्ठ उपप्रमुख नरेश चंद्र, डीडीओ कमलेश पंत, बीडीओ मोहन जोशी, तहसीलदार महेंद्र, सहायक विकास अधिकारी पंचायत जगदीश लाल सहित अन्य अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ढाक में बने स्वास्थ्य केंद्र तो निशुल्क देंगे जमीन: प्रधान संघ के अध्यक्ष मोहन बजवाल ने कहा कि ज्योतिर्मठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर सेंटर बन गया है। ढाक में भूमि उपलब्ध है यदि स्वास्थ्य विभाग यहां 50 बेड के अस्पताल की मंजूरी देता है तो ग्रामीण निशुल्क भूमि देने के लिए तैयार हैं।

ध्वजारोहण न करने वालों पर हो कार्रवाई : प्रधान संघ के अध्यक्ष मोहन बजवाल ने गणतंत्र दिवस पर प्राथमिक विद्यालय ढाक, जूनियर हाईस्कूल ढाक व किलचौरी में तिरंगा नहीं फहराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.