काशीपुर। समाजवादी पार्टी कार्यालय में सोमवार को यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हालिया बयान पर तीखा प्रहार कहा कि सपा पार्टी को हत्यारी पार्टी कहना भाजपा की राजनीतिक हताशा और निराशा का प्रतीक है। अरविंद यादव ने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और किसानों की उपेक्षा चरम पर है। इन गंभीर मुद्दों पर विफल रहने के बाद भाजपा जनता के मूल प्रश्नों से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से वंचित रखना और किसानों को उनकी उपज का हक न देना भी उनके अधिकारों की हत्या के समान है। प्रेस वार्ता के दौरान यादव ने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी के संरक्षक और पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण से नवाजा गया है। ऐसे सम्मानित व्यक्तित्व से सींची गई पार्टी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना न केवल समाजवादी विचारधारा, बल्कि उस राष्ट्रीय सम्मान का भी अपमान है। यादव ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेतृत्व ने अपनी भाषा पर नियंत्रण नहीं रखा और सार्वजनिक रूप से क्षमा नहीं मांगी, तो उत्तराखंड की जनता आगामी चुनावों में इस नफरत की राजनीति का लोकतांत्रिक जवाब देगी। यहां यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार, दीपक कुमार, विशाल यादव, नितिन दिवाकर आदि रहे।


