Wednesday, September 10, 2025

Latest Posts

भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित-


अल्मोड़ा। भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पर बुधवार को उनकी जन्मस्थली खूंट में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह पींचा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉक्टर चन्द्र सिंह चौहान समेत अनेक जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पंडित पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि यह अल्मोड़ा जनपद का गौरव है कि स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी और भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का जन्म इसी भूमि पर हुआ। उन्होंने कहा कि पंत जी ने संयुक्त प्रांत के मुख्यमंत्री के रूप में अनेक कल्याणकारी योजनाओं को मूर्त रूप दिया और स्वतंत्रता संग्राम में अपना अमूल्य योगदान दिया। आज उनके नाम से अनेक शैक्षिक और वैज्ञानिक संस्थान संचालित हैं, जो देश की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने पंत जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि पंडित पंत न केवल स्वतंत्रता सेनानी बल्कि देश के गौरव और समाज सुधारक भी थे। कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा सहित कई वक्ताओं ने पंडित पंत के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी और कुशल प्रशासक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने भी आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों की ओर से जनहित योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जिनका लाभ उपस्थित लोगों ने उठाया। जिला स्तरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्य समारोह से पूर्व सुबह चौघानपाटा स्थित पंत पार्क में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां नगर के गणमान्य नागरिकों ने पंडित पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उन्हें कुली बेगार प्रथा और जमींदारी उन्मूलन जैसे आंदोलनों का अग्रदूत बताते हुए कहा कि समाज सुधार और स्वतंत्रता के लिए उनका संघर्ष आज भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का संघर्षशील और दूरदर्शी नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.