Sunday, March 29, 2026

Latest Posts

महंगी बिजली और विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस का धरना


हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने भूपतवाला स्थित दूधिया बंद बिजलीघर पर महंगी बिजली और ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में गुरुवार को धरना देकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने सरकार पर आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाते हुए बिजली बिलों में राहत देने की मांग की।धरने को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि उत्तराखंड बिजली उत्पादन करने वाला प्रदेश होने के बावजूद यहां की जनता को महंगी बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस वर्ष बिजली के बिलों में छूट नहीं दी। इससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि महज पांच हजार रुपये का बिल जमा न करने पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। चेतावनी दी कि यदि विभाग ने रवैया नहीं बदला तो आंदोलन किया जाएगा।जिला महानगर कांग्रेस महासचिव कैलाश भट्ट और अजय गिरी ने कहा कि बिजली विभाग के कुछ कर्मचारी और अधिकारी आम लोगों से दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और तरुण व्यास ने कहा कि अन्य राज्यों में लोगों को कई यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है। उत्तराखंड में जनता को महंगी बिजली देकर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पार्षद महावीर वशिष्ठ और पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार में आमजन सस्ती बिजली के लिए तरस रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिलों में राहत न देकर सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह केवल उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है।एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा और यूथ कांग्रेस जिला महासचिव शुभम जोशी ने कहा कि महंगी बिजली से आम लोग परेशान हैं। आने वाले समय में जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। धरना-प्रदर्शन में विमल शर्मा साटू, ओम मलिक, करन सिंह राणा, ऋषभ वशिष्ठ, गौरव गोस्वामी, नागेश रावत, रितेश पांडेय, मोहित अरियाल शर्मा, डुंगर सिंह, ऋषभ गिरी, राहुल पाठक, अनिल ठाकुर, सत्यम शर्मा, तरुण बेरी, मनीष कौशल, योगेश त्यागी, जतिन बब्बर और विकास शर्मा आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.