हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रहे सांकेतिक हड़ताल में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन ने पहुंचकर अपना समर्थन देकर आंदोलन को तेज गति प्रदान की। धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मण्डल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि गुरुकुल स्वामी दयानन्द व स्वामी श्रद्धानन्द की भूमि है जो भी इसकी तरफ गलत निगाह से देखेगा उन्हें स्वामी दयानन्द व स्वामी श्रद्धानन्द का श्राप भुगतना पड़ेगा। यह तप व कर्म की भूमि है। असंवैधानिक रूप से नियुक्त किए गए अधिकारियों को गुरुकुल का शैक्षिक व सामाजिक वातावरण किसी भी कीमत पर दूषित नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों का गहन मंथन व चिंतन संगठन स्तर पर करने के उपरान्त संगठन ने इस आंदोलन में उतरने का निर्णय पंचों की राय से लिया है। पंचों की राय को मानते हुए संगठन किसी भी स्तर पर गुरुकुल को सरकारी मानकों से इतर ले जाने वाले षडयंत्रकारियों को अपने मंसूबे में सफल नहीं होने देगा। केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की सह पर देश में सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों तथा अन्य संस्थानों का अतिक्रमण कर उन्हें निजी हाथों में सौंपने का षड्यंत्र किया जा रहा है जिसका भारतीय किसान पुरजोर विरोध करती है।
इस अवसर पर जाट महासभा पंचपुरी के अध्यक्ष डी0के0 चौधरी ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी से हम सभी का आत्मीयता का रिश्ता बहुत पुराना रहा है। शिक्षा के इस मन्दिर को निजी हाथों की कठपुतली नहीं बनने दिया जाएगा। सरकार द्वारा प्राप्त अनुदान से संचालित इस शिक्षण संस्थान को कुछ लोग निजी हाथों में सौंपकर शिक्षा का बाजारीकरण करने का जो स्वप्न देख रहे है। उन्हें इस प्रयास में किसी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। गुरुकुल में सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क पर ग्रामीण अंचल के बच्चें शिक्षा ग्रहण कर देश व प्रदेश का भविष्य संवारने की दिशा में अग्रसर हैं जो कुछ स्वार्थी लोगों की आंखों को खटक रहे हैं। उनके मंसुबे जाट महासभा व अन्य सामाजिक संगठन कर्मचारियों की इस लड़ाई में एकसाथ मिलकर लड़ने का कार्य कर सफल नहीं होने देंगे।
शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज व महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने कहा कि वह स्वामी श्रद्धानन्द द्वारा स्थापित व भारत सरकार द्वारा संचालित गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के संरक्षण की लड़ाई कों लड़ने का कार्य कर्मचारियों के सहयोग व सामाजिक संगठनों के मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से कर रहे हैं। वह आज धरने स्थल पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के मण्डल अध्यक्ष व उनकी जिला टीम तथा जाट महासभा पंचपुरी हरिद्वार के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का समस्त शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की तरफ से आभार व्यक्त करते हैं। इन समस्त पदाधिकारियों के धरना स्थल पर आकर अपना स्नेह व सहयोग प्रदान करने से कर्मचारियों के आंदोलन में ऊर्जा का संचार हुआ है।
इस अवसर पर सतीश मलिक, नरेश बालियान, सिकंदर, के०पी० सिंह, गुलवीर, उपेन्द्र ढिल्लों, किसान यूनियन गढ़वाल मंडल के प्रवक्ता चौधरी धर्मेन्द्र, पुष्पेन्द्र सहित विभिन्न यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य तथा जाट महासभा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने संबोधित किया |