रुद्रपुर। रसोई गैस की कमी से नाराज लोगों ने किच्छा बाईपास स्थित मोदी मैदान के पास सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिलेंडर हटवाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण पिछले करीब दो सप्ताह से रसोई गैस की किल्लत बढ़ गई है। बुकिंग कराने के बावजूद कई दिनों तक गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि न तो होम डिलीवरी हो रही है और न ही एजेंसी पर सिलेंडर उपलब्ध हैं। आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक फोन भी नहीं उठा रहे हैं, जिससे घरों में खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इस कठिन समय में कोई जनप्रतिनिधि उनकी समस्या सुनने नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में मौके पर यातायात संचालित कराया जा रहा है।


