रुद्रप्रयाग। रामकृष्ण मिशन आश्रम विवेकानंद नेत्रालय देहरादून द्वारा ऑपरेशन आई साइट को लेकर आयोजित कार्यक्रम में निवारणीय अंधतामुक्त ग्राम घोषित करने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, सचिव रामकृष्ण मिशन आश्रम देहरादून के स्वामी असीमात्मनंद महाराज, विशिष्ट अतिथि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष, इमानुयल बेनिया तांती द्वारा 12 गांव निवारर्णीय अंधतामुक्त घोषित किए गए। नगर पालिका बारातघर में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी असीमात्मानंद ने कहा कि एक मनुष्य का जीवन तभी सार्थक होता है जब वह दूसरों के लिए जिए। सेवा ही सच्चा धर्म है। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रधानों और चिकित्सा अधिकारियों को संबोधित करते हुए मानवता और सेवा भावना के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इमानुयल बेनिया तांती ने बताया कि 63 वर्ष पहले कनाडा के एक व्यक्ति ने भारत में आंखों की गंभीर समस्या को समझा और एक विशेषज्ञ डॉक्टर के साथ भारत आए। उसी सोच और भावना से आज ऑपरेशन आई साइट की शुरुआत हुई, जिसका लाभ अब सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिल रहा है। साथ ही निक्षय मित्र कार्यक्रम को लेकर निक्षय योद्धाओं को पोषण किटों का वितरण सुदर्शन सौर, औरंगाबाद (महाराष्ट्र) की विशेष सहायता से किया गया। रामकृष्ण मिशन विवेकानंद नेत्रालय देहरादून द्वारा रुद्रप्रयाग जिले मे सुदर्शन सौर, औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के सहयोग से निक्षय मुक्त रुद्रप्रयाग बनाने का संकल्प भी लिया गया। मुख्य अतिथि डॉ. राम प्रकाश ने स्वास्थ्य संबधित एवं अंधतामुक्त के बारे मे जानकारी दी। जबकि सभी ग्रामों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर आशा कॉर्डिनेटर हेमलता गैरोला, नागेश्वर प्रसाद बागवाडी, कलाम सिंह, लक्ष्मी देवी, सविता देवी, धनेश्वरी देवी, रतन सिंह, आशा देवी, ललित देवी, लक्ष्मी देवी, सविता देवी, रंजना देवी, विवेकानंद टीम के हनुमंत पंवार, तेज बहादुर, सुमंत सत्कारी, अनूप पवार, राकेश कुंवर, सौरभ रावत आदि मौजूद थे।