Tuesday, March 3, 2026

Latest Posts

वेतन नहीं मिलने से नाराज श्रमिकों ने शुरु की टूल डाउन हड़ताल


विकासनगर। व्यासी बांध परियोजना में कार्यरत श्रमिकों ने कार्यदायी संस्था पर वेतन नहीं देने का आरोप लगाते हुए मंगलवार से टूल डाउन हड़ताल शुरू कर दी है। संविदा श्रमिक संघ के बैनर तले हड़ताल कर रहे श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) उनका आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण कर रही है। इस मौके पर संविदा श्रमिक संघ के अध्यक्ष नवीन तोमर ने कहा कि कार्यदायी संस्था लंबे समय से उन्हें सैलरी समय पर नहीं दे रही है। होली को देखते हुए श्रमिक मार्च माह के पहले दिन सैलरी दिए जाने की मांग कर रहे थे। अब तक उनको सैलरी नहीं दी गई है। इससे त्योहार के दौरान उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। इसके साथ उन्हें सैलरी स्लिप भी नहीं दी जा रही है। इससे जाहिर होता है कि उनकी सैलरी में अनियमितता बरती जा रही है। स्लिप में अधिक सैलरी दर्ज कर उन्हें कम पैसे दिए जाते हैं। इसके साथ कई अन्य जरूरी देयकों का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रमिक को ईएसआई की सुविधा नहीं दी जा रही है। इससे उन्हें बीमार होने पर आर्थिक संकट से जूझना पड़ता है जबकि कार्यदायी संस्था की ओर से हर माह ईएसआई के अंशदान की कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई श्रमिकों का ईपीएफ भी जमा नहीं किया जा रहा है। धरना-प्रदर्शन करने वालों में सुभाष, शताब्दी यादव, अमित तोमर, राजपाल, रविंद्र, बारू दत्त, जगत सिंह, सुनील खन्ना, अनिल कुमार, सुरेश, कैलाश तोमर, शमशेर सिंह, सत्यपाल सिंह, जगत सिंह और गजेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.