विकासनगर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की ओर से सोमवार को अटकफार्म में कार्यकर्ता संवाद एवं परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ ही पार्टी के आगामी आयोजनों पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि हमारे युवा कार्यकर्ता बहुत सजग हैं और हमें उन्हें और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पार्टी द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रम को अपने-अपने बूथ तक पहुंचाएं और भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाएं। कहा कि यह सदी भाजपा की विचारधारा और देश के विकास की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से जनता के हित में लिए गए बड़े फैसलों के बारे में जानकारी भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया व आईटी सेल को सभी बूथ संयोजकों, प्रभारियों से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करने की सलाह दी। पंच प्रमुख और बूथस्तर के कार्यकर्ता हर मतदान केंद्र पर मतदाताओं के साथ जुड़ने के लिए पार्टी के प्रत्यक्ष लिंक होते हैं। इस दौरान विधायक सहदेव पुंडीर, जिलाध्यक्ष मीता सिंह, जिला महामंत्री यशपाल नेगी, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्सवाण, मातबर सिंह बिष्ट, अनिल नौटयाल, रवि कश्यप, दर्शन सिंह रावत, सिद्धार्थ चौधरी, दयानंद जोशी, प्रमोद आदि मौजूद रहे।


