Latest Posts

एनसीसी के ‘रेड हैकल फेस्ट’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स सम्मानित


अल्मोड़ा। 77 उत्तराखंड एनसीसी बटालियन, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को ‘रेड हैकल फेस्ट-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और कैडेट्स की उपलब्धियों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलसचिव एवं एनसीसी अधिकारी कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बटालियन की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि कई कैडेट राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों के लिए चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन और समर्पण के साथ देशसेवा के लिए कार्य करने का आह्वान किया। पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति का विकास करती है। वहीं कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय के कैडेट राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने का आह्वान किया। परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने कहा कि एनसीसी एकता और अनुशासन का प्रतीक है तथा कैडेट्स को अपने व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का निरंतर विकास करना चाहिए। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जितेंद्र शर्मा ने भी कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में कैडेट्स ने देशभक्ति, कुमाऊंनी, नेपाली, पंजाबी सहित विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। साथ ही विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया तथा मेधावी कैडेट्स को रैंक भी प्रदान की गई। इस अवसर पर बटालियन की उल्लेखनीय उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि दो कैडेट भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं, एक कैडेट गर्विता भाकुनी का राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है, जबकि कई कैडेट अग्निवीर, नौसेना, गणतंत्र दिवस शिविर, थल सेना शिविर, राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविरों और अन्य विशेष पाठ्यक्रमों के लिए चयनित हुए हैं। कार्यक्रम में पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट, परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. शेखर चंद्र जोशी, रवि रौतेला सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायाध्यक्ष, शिक्षक, छात्रसंघ पदाधिकारी, एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ तथा कैडेट्स उपस्थित रहे। संचालन प्रांजल कुंजवाल और गर्विता भाकुनी ने किया।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.