Latest Posts

एसआईआर में गलत आपत्तियों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन


विकासनगर। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम पर गलत ढंग से आपत्तियां दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने तहसील में प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विकासनगर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। नवप्रभात ने कहा कि आम जनता को अपना मताधिकार बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में हजारों लोगों के मत सुरक्षित होने के बावजूद उनके नाम पर पार्टी विशेष के एजेंटों की ओर से आपत्तियां दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अभी शुरुआत है। यदि सरकार गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रभावित लोगों की मदद करने का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि उनकी लड़ाई अभी शुरू हुई है। यदि सरकार ने मामले में उचित निर्णय नहीं लिया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा में विश्वास करती है और लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से आंदोलन करती है। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ यह नहीं है कि सत्ता के खिलाफ चुप बैठा जाएगा। जरूरत पड़ने पर कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से सड़कों पर उतरकर शासन-प्रशासन को जगाने का काम करेंगे। प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष धीरज नौटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, जिला महासचिव राजीव शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, पूनम सिंह, शशि चौहान, कुसुम कौशल, बीना चौहान, अंकित कंसल, भारत कालरा आदि शामिल रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.