रुद्रपुर। यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से शुक्रवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस पर ‘मानवता के पक्ष में’ विषय पर विचार गोष्ठी हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस आपसी सहयोग, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समाज में सच्ची मानवता का संचार पारस्परिक सहयोग और संवेदनशीलता से ही संभव है। यूथ रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने रेडक्रॉस संस्था द्वारा विश्वभर में जरूरतमंद लोगों की सेवा में दिए जा रहे योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से स्वैच्छिक सेवा करना ही रेडक्रॉस की मूल भावना है और युवाओं को इससे प्रेरणा लेकर समाज सेवा में आगे आना चाहिए। सह प्रभारी एवं गणित विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार मौर्य ने कहा कि “मानवता के पक्ष में” विषय वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है। यह समाज में दया, परोपकार और शांति के मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश देता है। कार्यक्रम में प्रो. रवींद्र कुमार सैनी, प्रो. हेमलता सैनी सहित अनेक स्वयंसेवी मौजूद रहे।


