रुड़की। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने शनिवार को नेहरू स्टेडियम में चल रहे आधुनिकीकरण एवं नवनिर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आगामी दशहरा उत्सव के मद्देनजर स्टेडियम परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दो दिन के भीतर परिसर को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्टेडियम के सुधार कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि नेहरू स्टेडियम क्षेत्र के खेल बुनियादी ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके आधुनिकीकरण और नवनिर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दशहरा के अवसर पर यहां लंका दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में परिसर की व्यवस्थाएं दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम परिसर में जहां-जहां गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरवाया जाए और पूरे मैदान को समतल किया जाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर गड्ढे होने के साथ कीचड़ भी जमा है, जिससे दशहरा के दिन श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए दो दिन के भीतर इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर महापौर अनीता देवी अग्रवाल ने भी संबंधित अधिकारियों को स्टेडियम परिसर की व्यवस्थाएं जल्द सुधारने के निर्देश दिए। वहीं, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि तत्काल प्रभाव से जेसीबी की मदद से गड्ढों को भरने और परिसर को समतल करने का कार्य कराया जा रहा है। जिन स्थानों पर कीचड़ है, वहां मलबा डलवाकर स्थिति को ठीक किया जा रहा है, ताकि दशहरा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थानीय लोगों ने भी उठाई थी सुधार की मांग:
गौरतलब है कि दो दिन पहले स्थानीय दुकानदारों ने भी नेहरू स्टेडियम परिसर की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की थी। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से भी लंका दहन कार्यक्रम से पहले परिसर को दुरुस्त कराने की मांग की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद ताहिर, नगर निगम के जेई गुरदयाल, शिवानी, अमित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


