विकासनगर। सहसपुर क्षेत्र में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का मताधिकार सुरक्षित रखने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश समिति के सदस्य आर्येंद्र शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि सहसपुर के विभिन्न बूथों पर कुछ वैध मतदाताओं के नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म-सात के माध्यम से आपत्तियां दर्ज कराए जाने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई फॉर्म-सात में एपिक नंबर तक दर्ज नहीं किए गए और निर्धारित साक्ष्यों के अभाव में भी आपत्तियां दाखिल की गईं।उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह पहले ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को अवगत करा चुके हैं। उनके अनुसार, प्रशासन और सक्षम अधिकारियों के स्तर पर मामला उठाए जाने के बाद साक्ष्यों के अभाव में कई आपत्तियां खारिज भी की गईं। इससे स्पष्ट है कि प्रत्येक आपत्ति का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष सत्यापन किया जाना जरूरी है। आर्येंद्र शर्मा ने चुनाव आयोग से मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए। जिन मतदाताओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके नाम बिना उचित कारण और निर्धारित प्रक्रिया के हटाए न जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। कहा कि मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखना और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना चुनाव आयोग और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता नहीं होने देने की मांग की।


