हरिद्वार। कांवड़ मेले की तैयारियों का जायजा लेने निकले जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी और अवैध अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और पंतद्वीप पार्किंग में 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने, अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी मौजूद रहे। शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और पंतद्वीप पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले में आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय समय से पहले पूरी कर ली जाएं। नगर निगम को बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त शौचालय स्थापित करने और पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पंतद्वीप पार्किंग में निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें संचालित होती मिलीं। हरकी पैड़ी जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण, पार्किंग में फैली गंदगी और अव्यवस्थाएं देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने समुचित सफाई व्यवस्था न रखने पर संबंधित ठेकेदार पर 50 हजार रुपये तथा निर्धारित संख्या से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर 50 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के लिए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थल से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने के आदेश दिए।जिलाधिकारी ने उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को सफाई व्यवस्था में लापरवाही और आवंटित संख्या से अधिक दुकानें लगाए जाने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूरी कर ली जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि मेला सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक ढंग से संचालित हो सके। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग में अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश एसपी ट्रैफिक और एसपी सिटी को दिए।


