नई टिहरी। टिहरी में घूमेटीधार के पास एक वाहन में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, चालक खुर्शीद (निवासी मंगलौर, हरिद्वार) गंगोत्री-यमुनोत्री से यात्रियों को लेकर केदारनाथ जा रहा था, लेकिन घनसाली में वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद यात्रियों को दूसरी गाड़ी से भेज दिया गया और वाहन को ठीक कराने के लिए चंबा ले जाया जा रहा था। घूमेटीधार के पास पिकअप चालक के वाहन ले जाने से मना करने पर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी गई। इसी दौरान करीब 2:15 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण वाहन में आग लग गई। चालक उस समय वाहन से बाहर था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।


