अल्मोड़ा। सल्ट पुलिस और सर्विलांस सेल के संयुक्त प्रयासों से चार माह से लापता एक महिला को नई दिल्ली से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला की बरामदगी पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस का आभार जताया है। पुलिस के अनुसार देवायल, सल्ट निवासी पवन कुमार ने 13 मार्च को अपनी 30 वर्षीय बहन प्रियंका रावत के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना थाना सल्ट में दी थी। सूचना के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह और प्रभारी एसओजी एवं सर्विलांस सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस और सर्विलांस टीम ने लगातार सुरागरसी, तकनीकी विश्लेषण और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। सर्विलांस सेल की सहायता से महिला की लोकेशन ट्रेस करते हुए टीम ने ग्रेटर कैलाश, नई दिल्ली के बी-ब्लॉक गेट क्षेत्र से उसे सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शनिवार को महिला को उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक फिरोज खान, कांस्टेबल रविंद्र कंबोज और महिला कांस्टेबल दीपमाला शामिल रहे। परिजनों ने महिला की सकुशल बरामदगी पर पुलिस टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


