बागेश्वर। तहसील मुख्यालय से लगे तैलीहाट गांव में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना का कार्य अधूरा होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीणों ने योजना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी के नाम उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में कई वर्षों से पेयजल योजना अधूरी पड़ी है। विभाग की ओर से बार-बार जल्द कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल सका। घरों में नल लगाए जा चुके हैं, लेकिन उनमें नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि योजना को शीघ्र पूरा कर प्रत्येक घर में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि निकट भविष्य में योजना पूरी होना संभव नहीं है तो वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कार्य में हुई देरी और लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान पूजा मेहरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य दयाल काला, सामाजिक कार्यकर्ता ठाकुर मेहरा, नंदन मेहरा, दरवान सिंह, संजय मेहरा, भूपेश लोहनी और जगदीश मेहरा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


