Latest Posts

दिवंगत मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई


देहरादून। जनपद देहरादून में नियुक्त मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा के आकस्मिक निधन पर पुलिस विभाग में शोक की लहर है। 26 अगस्त 2026 को हृदयाघात के कारण उनका आकस्मिक निधन हो गया था। गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इस अवसर पर एसएसपी देहरादून सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत बालम सिंह राणा के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एसएसपी देहरादून ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित कर्मचारी को खो दिया है। एसएसपी ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
1997 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती:
दिवंगत मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा मूल रूप से जनपद उत्तरकाशी के रहने वाले थे और वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में परिवार के साथ निवास कर रहे थे। वे अपने सौम्य एवं शालीन व्यवहार के लिए पहचाने जाते थे। कर्तव्य के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समर्पण के चलते सहकर्मियों के बीच भी उनका सम्मान था। बालम सिंह राणा वर्ष 1997 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्ष 2022 में उन्हें मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति मिली। वर्ष 2024 से वह जनपद देहरादून में नियुक्त थे। पुलिस विभाग में अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत मुख्य आरक्षी के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.