बागेश्वर। नगरवासियों को शीघ्र ही एक आधुनिक और सुविधायुक्त चिल्ड्रेन पार्क की सौगात मिलने जा रही है। तहसील परिसर में निर्माणाधीन चिल्ड्रेन पार्क का बुधवार को जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 15 जून तक पार्क में मेक्सिकन कारपेट घास लगाने का कार्य पूरा किया जाए। साथ ही मेन पावर बढ़ाकर अगले दो माह के भीतर समस्त निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा गया।
डीएम ने पार्क को बच्चों के लिए सुरक्षित, आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क में बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण खेल उपकरण स्थापित किए जाएं। पार्क में मेरी-गो-राउंड, डोम क्लाइंबर, झूले, रोलर स्लाइड, टायर मल्टी प्ले स्टेशन, जिप लाइन एवं एलीफेंट स्लाइड जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने पार्क परिसर में वॉकिंग पाथ विकसित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के लिए बेंच लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि यह स्थल बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और बुजुर्गों के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो सके। उन्होंने स्वच्छता, हरियाली और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण से नगरवासियों को एक उत्कृष्ट सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को पार्क के समीप क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित करने तथा तहसील परिसर में खड़े अनावश्यक वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए, जिससे पार्क के आसपास सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आकर्षक वातावरण बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, नायब तहसीलदार रितु गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


