अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत के निर्देशन और नोडल अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा से पहुंचे हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी, नेत्र रोग और बाल रोग विशेषज्ञों के साथ आयुष विभाग की टीम ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क परामर्श दिया। शिविर के दौरान चेस्ट एक्स-रे, टीबी स्क्रीनिंग, गैर संचारी रोग (एनसीडी) की जांच, एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत परीक्षण एवं परामर्श, ई-रक्तकोष से संबंधित सेवाएं तथा पात्र लाभार्थियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए। तीन दिवसीय शिविर में कुल 182 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 41 हड्डी रोग, नौ ईएनटी, 11 स्त्री एवं प्रसूति रोग, 49 नेत्र रोग, 32 बाल रोग तथा 40 आयुष चिकित्सा से संबंधित मरीज शामिल रहे। शिविर के दौरान 115 लोगों के चेस्ट एक्स-रे भी किए गए। शिविर में डॉ. प्रमोद मेहता (अस्थि रोग), डॉ. आंचल (स्त्री एवं प्रसूति रोग), डॉ. मोनिका (ईएनटी) और डॉ. वी.एल. जायसवाल (बाल रोग) सहित जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम ने सेवाएं दीं। कार्यक्रम के संचालन में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक दीपक पंत, डॉ. संदीप, डॉ. अदिति तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सकों, कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं और सहयोगी स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


