विकासनगर। नगर पालिका अध्यक्ष ने मंगलवार को वार्ड नंबर सात का स्थलीय भ्रमण कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव, जल निकासी और निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल के समक्ष क्षेत्र में जलभराव और अधूरे विकास कार्यों की समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर पानी भर जाता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है और जनजीवन प्रभावित होता है। पालिकाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से ईएमएस कंपनी को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके। कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। मौके पर ईएमएस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राणा भागेंद्र, अर्बन विभाग के एसडीओ उपेंद्र गोयल, नगर पालिका के अभियंता गुलाब सिंह पंवार, प्रणव सैनी, लता आदि मौजूद रहे।


