नैनीताल। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की पीआईयू चम्पावत और हल्द्वानी की ओर से संचालित पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण से पूरा करने को कहा। पाइपलाइन बिछाने, जलाशयों, जल शोधन संयंत्रों व अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने को कहा। कहा, कि जिन स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं, वहां जल्द सड़क पुनर्स्थापन का कार्य पूरा किया जाए।
अफसरों ने बताया कि चम्पावत वाटर सप्लाई स्कीम प्रोजेक्ट के तहत 2055 तक की जनसंख्या के आंकड़ों का आकलन कर अनुमानित पानी की डिमांड क्षमता 6.8 एमएलडी होगी। जिसकी पूर्ति के लिए प्रोजेक्ट की लागत 240.26 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। चम्पावत वाटर सप्लाई स्कीम 10 सितंबर 2027 तक पूर्ण की जानी है। प्रोजेक्ट के तहत 109 किमी पाइप लाइन नेटवर्क, 81 किमी हाइड्रोटेस्टिंग के माध्यम से लीकेज की स्थिति का पता लगाया जाएगा। वर्तमान समय तक 60% कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा किच्छा वाटर सप्लाई स्कीम की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा, कि 31.33 एमएलडी वॉटर डिमांड की पूर्ति के लिए 478.66 करोड रुपए की धनराशि प्रस्तावित है। जिसके माध्यम से 323 किमी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। चार पंप हाउस कंस्ट्रक्शन पूर्ण हो गए हैं, एक का कार्य गतिमान है। बैठक में टनकपुर जलापूर्ति योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नई पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल और 24 घंटे जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की जा रही है। कमिश्नर ने हल्द्वानी में संचालित इंटीग्रेटेड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट परियोजना के विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। बताया गया, कि परियोजना के तहत 39716 घरेलू जल संयोजन, जल वितरण पाइपलाइन, 14 नए ओवरहेड वाटर टैंक, 13 नए ट्यूबवेल और 122 किमी सीवरेज नेटवर्क का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण भी परियोजना का प्रमुख हिस्सा है। अब तक 21483 घरेलू जल संयोजन स्थापित किए जा चुके हैं, 436 किमी जल वितरण पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। 76 किमी सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है और एसटीपी निर्माण कार्य प्रगति पर है। अगस्त में ही आरटीओ रोड और काठगोदाम में डाली गई पानी की लाइन से जलापूर्ति शुरू की जाएगी। बैठक में सड़क विकास परियोजना के तहत नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, स्टेशन रोड के चौड़ीकरण, फुटपाथ, यूटिलिटी डक्ट, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट एवं ड्रेनेज कार्यों की भी समीक्षा की। कमिश्नर ने परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में डिप्टी प्रोग्राम डायरेक्टर कुमाऊं डिविजन यूयूएसडीए मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू चम्पावत अंकित आर्या, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू हल्द्वानी कुलदीप सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू हल्द्वानी गुरप्रीत सिंह दिओल आदि रहे।


