विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रसंघ कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। परीक्षा नियंत्रक श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय की ओर से जारी किए जा रहे परीक्षा परिणामों में कई छात्र-छात्राओं को अनुपस्थित दर्शाया जा रहा है, जबकि कई विद्यार्थियों के परिणाम में रिजल्ट लेटर अंकित किया गया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्रों का रिजल्ट ऑनलाइन खुल ही नहीं रहा है। छात्रों का कहना है कि परिणामों में इस तरह की गड़बड़ियों के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य शैक्षणिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रसंघ और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द सभी विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम दुरुस्त नहीं किए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार कपूर, सहसचिव खुशी, कोषाध्यक्ष टीना, उपाध्यक्ष नकुल, पूर्व सचिव राहुल तोमर के अलावा शुभम तोमर, अरुण चौहान, विकी पवार, करिश्मा, प्रियांशी, वंश, अनीश, सृष्टि, आरुषि, खुशी, सूरज, रजत और प्रवीण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


