अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जनपद में दर्ज साइबर ठगी के पांच मामलों का सफल अनावरण करते हुए झारखंड और राजस्थान से दो शातिर अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तराखंड के अलावा देश के छह अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी के मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार थाना दन्या और कोतवाली रानीखेत में दर्ज चार मामलों में आरोपियों ने सोनोग्राफी के लिए आर्थिक सहायता, बाल विकास विभाग की योजना का लाभ दिलाने, आंगनबाड़ी भुगतान और गूगल पे के माध्यम से रकम भेजने का झांसा देकर चार महिलाओं से कुल 2.48 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की थी। मामलों की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस के आधार पर झारखंड के देवघर निवासी चंदन कुमार की पहचान हुई। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में भी साइबर अपराध के मामले दर्ज पाए गए। प्रभारी निरीक्षक रानीखेत, थानाध्यक्ष दन्या और साइबर/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 18 जुलाई को झारखंड के देवघर जिले से चंदन कुमार को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाकर उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। इसी तरह कोतवाली सोमेश्वर में दर्ज एक अन्य साइबर ठगी के मामले में गूगल पे के माध्यम से 74,580 रुपये की धोखाधड़ी की जांच के दौरान राजस्थान के दौसा निवासी राहुल कुमार बैरवा का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी उत्तराखंड के अलावा असम, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और तमिलनाडु में भी साइबर ठगी की कई वारदातों में वांछित है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नौ मामलों में करीब 5.66 लाख रुपये की ठगी की थी। प्रभारी निरीक्षक सोमेश्वर और साइबर/एसओजी टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर 17 जुलाई को राजस्थान के बारा जिले से राहुल कुमार बैरवा को गिरफ्तार किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। अल्मोड़ा पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सतत मॉनिटरिंग, तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय के चलते संभव हो सकी। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।


