विकासनगर। पछुआ दून विकास मंच ने उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंच संयोजक अतुल शर्मा ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट जनप्रिय नेता थे और सभी के साथ समान भाव रखते थे। शिक्षक एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के समय से ही वे जनसमस्याओं के समाधान में अग्रणी रहे और उनके सिद्धांत व कार्य हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। कर्मचारी नेता चौधरी जगमाल सिंह ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट के साथ उनका लंबे समय का जुड़ाव रहा।उनके सहयोग से अनेक विकास कार्य संपन्न हुए, जो आज भी मील का पत्थर हैं। उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का व्यक्तित्व बेहद सरल, सादगीपूर्ण और मिलनसार था। डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष से लेकर विधायक और कैबिनेट मंत्री बनने तक का उनका सार्वजनिक जीवन प्रेरणादायी रहा। इस अवसर पर विजयपाल सिंह बिष्ट, चौधरी सुनील तोमर, शब्बीर, राजपाल सिंह, मोहम्मद यामीन, प्रधान प्रतिनिधि सुरेश कश्यप, रमेश सैनी, वीर सिंह राणा, संजीव कुमार, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने भी स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की।


