अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में गणित विभाग के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीक्षांत समारोह के लिए गठित विभिन्न समितियों के अध्यक्षों और अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। कुलपति प्रो. बिष्ट ने कुलाधिपति द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह एक गरिमामय शैक्षणिक आयोजन के रूप में संपन्न होना चाहिए, जिसके लिए सभी समितियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया जाएगा तथा सभी समितियां अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारियां जारी रखें। कुलपति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और समिति सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक से पूर्व कुलपति ने स्वामी विवेकानंद सभागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आयोजन स्थल पर समय से सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार साह, दीक्षांत समारोह के संयोजक प्रो. डी.के. भट्ट, परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट सहित विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष और दीक्षांत समारोह से संबंधित समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।


