अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भैंसवाड़ा फार्म में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने तथा गौवंश की सुरक्षा, स्वच्छता, जल निकासी, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क और गौशाला भवन के बीच सुरक्षा दीवार निर्माण कराने पर जोर देते हुए कहा कि परिसर की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने बरसात के दौरान जलभराव रोकने के लिए बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करने तथा गौशाला के भीतर पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी और हवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परिसर में 10 सौर ऊर्जा चालित लाइटें लगाने के निर्देश दिए ताकि रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश बना रहे। साथ ही जंगली जानवरों से गौवंश की सुरक्षा के लिए गौशाला के चारों ओर मजबूत घेराबंदी करने, खिड़कियों पर मच्छररोधी जाली लगाने और भवन में बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि गौशाला में पशुओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए तथा पानी, स्वच्छता, रोशनी और हवा जैसी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा वनाग्नि और आग की अन्य संभावित घटनाओं से बचाव के लिए गौशाला के चारों ओर फायर लाइन बनाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी योगेश अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


