Latest Posts

महिला अपराध-अवैध खनन के खिलाफ जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन


हरिद्वार। हरिद्वार में बढ़ते महिला अपराध, अवैध खनन और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सोमवार को जन अधिकार पार्टी जनशक्ति के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली की मौजूदगी और राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक से डीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार हाय-हाय, महिला विरोधी सरकार नहीं चलेगी और खनन माफिया मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड जंगलराज में बदल गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट और फिरौती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि अवैध खनन, अवैध परिवहन, पेड़ कटान और अवैध प्लॉटिंग में माफियाओं को खुला संरक्षण मिल रहा है। राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में दुष्कर्म की घटनाओं तक भाजपा नेताओं के नाम सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन पीड़ितों की सुनवाई नहीं कर रहा और जनप्रतिनिधियों की बातों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। राष्ट्रीय सचिव तरुण कौशिक ने कहा कि हरिद्वार में खुलेआम अवैध नशे का कारोबार चल रहा है और स्थानीय स्तर पर उसे संरक्षण मिल रहा है। प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में महिला अपराधों की सीबीआई जांच, फास्ट ट्रैक कोर्ट में छह माह के भीतर सुनवाई, अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर रोक, भू-माफियाओं की संपत्ति जब्त करने और अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी चक्का जाम और आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव तरुण कौशिक, महिला विधानसभा अध्यक्ष कोमल, मधु, प्रदेश सचिव कुर्बान अली, प्रदेश प्रवक्ता मास्टर रिजवान, इलियास शाह, जमाल अख्तर, आलिम अंसारी, नदीम, माँगा हसन, शाहरुख, अहसान शाह, अमीर हसन, नसीम प्रधान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.