अल्मोड़ा। राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में लंबे समय से खराब पड़ी सिटी स्कैन मशीन को लेकर मरीजों की परेशानी सामने आने के बाद पूर्व दर्जामंत्री भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मशीन का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से दूरभाष पर वार्ता कर खराबी और उसे दुरुस्त करने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और तकनीकी कर्मियों से भी संपर्क कर मशीन को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के लिए कहा गया। उनके हस्तक्षेप के बाद मशीन की मरम्मत की प्रक्रिया तेज हुई है और शनिवार तक इसके दोबारा संचालित होने की संभावना जताई गई है। बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मशीन के ठीक होने तक गंभीर मरीजों को जांच के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उन्हें जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई गई है। इससे जरूरतमंद मरीजों की सिटी स्कैन जांच समय पर हो सकेगी और उपचार में अनावश्यक विलंब से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सिटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा का लंबे समय तक बाधित रहना गंभीर विषय है। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरदराज इलाकों से मरीज उपचार की उम्मीद लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं। ऐसे में जांच के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल भेजना मरीजों और उनके परिजनों के लिए आर्थिक तथा मानसिक परेशानी का कारण बनता है। इसलिए मशीन को जल्द दुरुस्त किया जाना जरूरी है।


