हरिद्वार। बारिश थमने के बाद सप्तऋषि क्षेत्र में सर्विस लाइन की सड़क की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आ गई है। करीब 20 दिन पहले जिन गड्ढों को भरकर सड़क को दुरुस्त किया गया था वे बारिश के बाद फिर उभर आए हैं। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। सप्तऋषि क्षेत्र की सर्विस लाइन पर जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।ऐसे में वाहन चालक अचानक गड्ढों में गिरने से बचने के लिए वाहनों को इधर-उधर मोड़ते हैं। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार गड्ढों के कारण कई वाहनों के टायर और अन्य हिस्से खराब हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द गड्ढों को भरने के साथ सड़क की गुणवत्ता सुधारने की मांग की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि सभी विभागों को 15 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश जारी किए गए है।


