बागेश्वर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गए, जिसमें अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न पदों के लिए हुए मतदान में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में राजेश रौतेला ने 44 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गोविंद भंडारी को 27 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर नरेंद्र कोरंगा ने 63 मतों के साथ शानदार जीत दर्ज की, जबकि चंदन सिंह रौतेला को आठ मत प्राप्त हुए। अन्य पदों पर अधिकांश उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। सचिव पद पर पंकज धपोला, सह सचिव पद पर अनिल भाकुनी, महिला उपाध्यक्ष के रूप में भगवती धपोला तथा महिला सचिव के रूप में कुमारी रंजना सिंह चुनी गईं।
कोषाध्यक्ष पद पर हरीश चंद्र आर्या और पुस्तकालय अध्यक्ष के रूप में धीरेंद्र सिंह परिहार निर्विरोध निर्वाचित हुए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विनोद भट्ट, सुरेंद्र नेगी, मयंक चौबे, कैलाश चंद्र और अजेंद्र सिंह कोरंगा को भी निर्विरोध चुना गया। चुनाव प्रक्रिया को मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज जोशी एवं चुनाव मनोज कुमार जोशी ने संपन्न कराया, जबकि पर्यवेक्षक मेहरमान सिंह कोरंगा की निगरानी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे बार एसोसिएशन के हित में बेहतर कार्य करेंगे।


