बागेश्वर। जिले में अवसंरचनात्मक विकास को गति प्रदान करने की दिशा में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग 309A के दो लेन चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान किलोमीटर 80 से 169 तक संचालित कार्यों की स्थिति का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए उन्होंने भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर वितरण तथा वन भूमि हस्तांतरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। साथ ही तहसीलदार कांडा को निर्देश दिए गए कि बागेश्वर से कांडा मार्ग पर सरकारी भूमि में निवासरत व्यक्तियों का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पात्र प्रभावितों को शासनादेश के अनुरूप तीन सप्ताह के भीतर प्रतिकर (मुआवजा) का भुगतान हर स्थिति में सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रभावितों को प्रतिकर राशि वितरित की जा चुकी है, उनके प्रकरणों में गठित समिति के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को जल संस्थान, जल निगम, यूपीसीएल एवं बीएसएनएल के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा अथवा क्षति का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने अवगत कराया कि बागेश्वर से कनालीगाड़छीना तक 32 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण कार्य में से 17 किलोमीटर क्षेत्र में कटिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त बागेश्वर से कांडा तक 16 किलोमीटर क्षेत्र में वृक्षों की कटिंग का कार्य भी संपन्न हो चुका है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


