Latest Posts

राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा चढ़ा मौसम की भेंट, जनसभा में पहुंचे समर्थकों के हाथ लगी मायूसी


अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का गुरुवार को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। प्रतिकूल मौसम और उड़ान परिस्थितियों के चलते उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और बीच रास्ते से वापस पंतनगर लौटना पड़ा। इसके चलते जनसभा में राहुल गांधी को सुनने और देखने की उम्मीद लेकर पहुंचे समर्थकों को निराशा हाथ लगी। राहुल गांधी को अल्मोड़ा में परिवर्तन का शंखनाद कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम की रूपरेखा बदलनी पड़ी। लंबे इंतजार के बाद करीब साढ़े बारह बजे उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने मंच से घोषणा की कि खराब मौसम के चलते राहुल गांधी अल्मोड़ा नहीं पहुंच सकेंगे। इसके बाद उन्होंने पंतनगर से ही वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बढ़ती महंगाई, ईंधन कीमतों और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं का मनोबल लगातार प्रभावित हो रहा है और राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है। राहुल गांधी ने अल्मोड़ा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए खराब मौसम के कारण नहीं पहुंच पाने पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि वह बहुत जल्द अल्मोड़ा आकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
राहुल गांधी के अल्मोड़ा दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह था और पार्टी इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कुमाऊं में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के अवसर के रूप में देख रही थी। कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में अल्मोड़ा पहुंचे थे। हालांकि जनसभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी और खराब मौसम के कारण राहुल गांधी के नहीं पहुंच पाने से कार्यकर्ताओं का उत्साह भी फीका पड़ गया। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस कार्यक्रम से कांग्रेस को जिस जनसंपर्क और राजनीतिक संदेश की उम्मीद थी, वह पूरी तरह आकार नहीं ले सका। राहुल गांधी के वर्चुअल संबोधन से कार्यक्रम औपचारिक रूप से जारी रहा, लेकिन उन्हें प्रत्यक्ष रूप से सुनने और देखने की उम्मीद लेकर पहुंचे कई समर्थक कार्यक्रम स्थल से लौटने लगे। ऐसे में कांग्रेस को इस आयोजन से जिस राजनीतिक बढ़त की उम्मीद थी, वह मौसम की बाधा के चलते पूरी होती नहीं दिखी। इससे पूर्व जनसभा को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष विधानसभा यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक मनोज तिवारी, हरीश धामी, सुमित हृदयेश, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, राजकुमार ठुकराल, प्रकाश जोशी, मदन सिंह बिष्ट, रंजीत रावत, आदेश चौहान, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज आदि ने संबोधित किया।
======बॉक्स ====
सेना पर सवाल उठाने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी: महेश नयाल
अल्मोड़ा(आरएनएस)। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों और राष्ट्रभक्तों की भूमि है, जहां सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीति करने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी। राहुल गांधी के अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही खराब मौसम को कारण बता रही हो, लेकिन जनता के बीच अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने पूर्व में सेना के अभियानों पर सवाल उठाकर सैनिकों की भावनाओं को आहत किया है। महेश नयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन देगी तथा प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.