अल्मोड़ा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा अल्मोड़ा ने सोमवार को चौघानपाटा में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के बयानों को तथ्यहीन बताते हुए उनकी निंदा की। इसके बाद मोर्चा के पदाधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय जनता पार्टी और देवभूमि उत्तराखंड की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को भाजपा से जोड़ना पूरी तरह निराधार है। कहा कि उक्त घटनाक्रम से भाजपा का कोई संबंध नहीं था और कांग्रेस इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तथ्यों के आधार पर राजनीति करनी चाहिए, जबकि वह झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता ऐसे दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते रहेंगे। मोर्चा के सह-संयोजक वीरेंद्र आर्या ने भी राहुल गांधी के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी विषय पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से पहले तथ्यों की पुष्टि आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त तथ्यों के भाजपा को कटघरे में खड़ा करना राजनीतिक हताशा का परिचायक है। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने कोतवाली अल्मोड़ा में शिकायत देकर राहुल गांधी के सार्वजनिक बयानों, वीडियो, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के नगर अध्यक्ष सुधीर कुमार, उपाध्यक्ष रमेश चंद्र, महामंत्री दिशांत पवार, चंदन लाल टम्टा, भगवत आर्या, सागर, पार्षद अजीत पवार, गणेश राम, राजेंद्र कुमार, भुवन राम आर्या, बबलू आर्या, ललित कुमार, राहुल आर्या, गोविंद पिलख्वाल, प्रकाश भट्ट, विनीत बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, अर्जुन बिष्ट, नीरज सांगा, अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


