Latest Posts

स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित


अल्मोड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में देवदार के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी असंख्य बलिदानों और लंबे संघर्ष का परिणाम है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और गोविंद पिलख्वाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों और उपजिलाधिकारियों को सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। इसके बाद मल्ला महल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलाकारों और विद्यार्थियों ने देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रवि रौतेला, ललित लटवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.