रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस-2026 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। इसमें ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, हल्द्वानी, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों के 25 विद्यालयों के 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर बहस, कूटनीति, तार्किक चिंतन और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। समापन समारोह का शुभारंभ विद्यालय बैंड की प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद सम्मेलन की आफ्टर मूवी प्रदर्शित की गई। मुख्य अतिथि बाजपुर की एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने विद्यार्थियों से तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद और जिम्मेदार नेतृत्व के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में वीबी नैनवाल, अरविंद मोंगा, कपिल सचदेवा, पीसी जोशी, रजनीश व सहयोगी, डॉ. संजीव सुमन और हरिंदर सिंह मौजूद रहे। चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन चौहान ने मॉडल यूनाइटेड नेशंस को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी मंच बताया। प्रतियोगिता में डीपीएस रुद्रपुर का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। हालांकि, मेजबान विद्यालय होने के कारण डीपीएस रुद्रपुर ने बेस्ट डेलीगेशन अवॉर्ड स्वीकार नहीं किया। यह पुरस्कार इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी को प्रदान किया गया। वहीं हाईएस्ट स्कूल डेलीगेशन अवॉर्ड आर्यमान विक्रम बिड़ला स्कूल, हल्द्वानी ने जीता। विभिन्न 17 समितियों के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।


