Latest Posts

वीपीकेएएस में हिंदी दिवस एवं हिंदी प्रोत्साहन पखवाड़ा शुरू


अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में सोमवार को हिंदी दिवस एवं हिंदी प्रोत्साहन पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। संस्थान के अल्मोड़ा और हवालबाग परिसरों में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया। संस्थान के कार्यवाहक निदेशक डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ और प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने क्रमशः हवालबाग और अल्मोड़ा परिसर में कार्मिकों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सचिव (डेयर) एवं महानिदेशक (भाकृअनुप) डॉ. एम.एल. जाट तथा संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त की ओर से जारी संदेशों और अपीलों का सस्वर वाचन किया गया। संदेशों के माध्यम से दैनिक शासकीय एवं प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। इस दौरान कहा गया कि राजभाषा के प्रयोग से प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आती है और अनुसंधान के लाभ आम जनमानस तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाए जा सकते हैं। हिंदी प्रोत्साहन पखवाड़े के दौरान संस्थान में हिंदी लोकोक्तियां एवं मुहावरे, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, राजभाषा ज्ञान, यूनिकोड टंकण और स्वरचित हिंदी काव्य पाठ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कार्मिकों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि और सृजनात्मकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.