Latest Posts

शीशमबाड़ा कूड़ाघर को शिफ्ट करने की मांग


विकासनगर। शीशमबाड़ा कूड़ाघर के विस्थापन की मांग को लेकर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हुई भेंट के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए कूड़ाघर को जल्द से जल्द अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि शीशमबाड़ा कूड़ाघर की दुर्गंध से हजारों लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। कूड़ाघर से उठने वाली दुर्गंध, पर्यावरण प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण क्षेत्रवासियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रही है। विधायक ने यह भी अवगत कराया कि नगर निगम देहरादून की बोर्ड बैठक में शीशमबाड़ा कूड़ाघर को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पूर्व में सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। ऐसे में जनभावनाओं को देखते हुए इस दिशा में शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने इस सबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कूड़ाघर के विस्थापन की प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप देने के प्रयास किए जाएंगे। मौके पर विधायक प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत सेलाकुई के सभासद अनिल नौटियाल, सूरवीर सिंह चौहान, रविंद्र भट्ट, प्रकाश भट्ट, गणेश रतूड़ी, तीरथ गैराला समेत अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.