अल्मोड़ा। सोमेश्वर में जर्जर सड़कों और बढ़ते गड्ढों को लेकर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्ढों को व्यंग्यात्मक रूप से “स्विमिंग पूल” और ‘खाल-खंतियाँ’ बताते हुए राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ प्रदर्शन किया और शीघ्र सड़क मरम्मत की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने व्यंग्यात्मक लहजे में कैबिनेट मंत्री से ‘क्षमा याचना’ करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अब तक इन गड्ढों को विकास कार्यों की कमी समझ रही थी, जबकि वास्तव में ये ‘स्विमिंग पूल’ और ‘खाल-खंतियाँ’ हैं। उनका आरोप था कि क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण आम लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि सड़कें लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सरकार से जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भुवन दोसाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य किशोर नयाल, सुरेश बोरा, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, प्रकाश खाती, लक्ष्मण मेहरा, कैलाश कुमार, हीरा मेहरा, राजेन्द्र बोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


