Latest Posts

सड़क निर्माण में देरी पर यूकेडी का विधायक आवास पर प्रदर्शन


विकासनगर। राजारोड स्थित दिव्या कुंज गर्ल्स हॉस्टल के समीप स्वास्तिक एन्क्लेव, शिवालिक एन्क्लेव और श्रीराम एन्क्लेव क्षेत्र में सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर गुरुवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेता निरंजन चौहान क्षेत्रीय लोगों के साथ सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के आवास पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान यूकेडी नेताओं और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूकेडी नेता निरंजन चौहान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 से क्षेत्रवासी सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क निर्माण के लिए डीपीआर भी तैयार की जा चुकी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। उनका कहना था कि जर्जर सड़क के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग उठाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते क्षेत्रवासियों को विधायक आवास पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गर्मा गया जब विधायक और यूकेडी नेताओं के बीच सड़क निर्माण को लेकर तीखी बहस हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के आरोपों का जवाब दिया, जिससे कुछ देर तक मौके पर राजनीतिक तनातनी का माहौल बना रहा।
यूकेडी का आरोप निराधार: पुंडीर
सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने यूकेडी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सड़क निर्माण के लिए उनके स्तर से पहले ही संस्तुति की जा चुकी है और आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका। मौसम अनुकूल होते ही सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। विधायक ने प्रदर्शन को पूरी तरह राजनीतिक करार देते हुए कहा कि कुछ लोग जनता के बीच भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने की नीयत से बेवजह प्रदर्शन और नाटक किया जा रहा है, जबकि सड़क निर्माण को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौसम साफ होते ही क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, यूकेडी नेताओं ने सड़क निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.