Latest Posts

सल्ट में खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत


अल्मोड़ा। जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को खाई से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार रात करीब 11:30 बजे डीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि महरौली क्षेत्र के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। सूचना पर पुलिस टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। बताया गया कि डंपर संख्या यूके04 सीबी-1327 मौलेखाल से रुडोली की ओर जा रहा था। चित्तौड़गढ़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के समय डंपर खाली था। हादसे में 28 वर्षीय रमेश चंद्र रेखाड़ी पुत्र गोपाल दत्त रेखाड़ी निवासी बासौली, सल्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की सहायता से देवायल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जिले में यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा रहा। इससे पहले हवालबाग विकासखंड के गधोली क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ट्रॉली के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी। इन दोनों घटनाओं में एक ही दिन में तीन लोगों की जान चली गई।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.