विकासनगर। ग्राम पंचायत हरियावाला कला में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, विकासखंड सहसपुर की ओर से आयोजित एक माह का सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रजनी देवी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मोहम्मद इमरान तथा उप प्रधान निकिता असवाल ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। जिला योजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षक मीरा वर्मा ने ग्राम पंचायत की महिलाओं को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने राजकीय इंटर कॉलेज हरियावाला कला की 10 छात्राओं के लिए स्कूल ड्रेस भी तैयार की, जिन्हें युवा कल्याण विभाग की ओर से विद्यालय के प्रधानाचार्य को भेंट किया गया। इस अवसर पर महिला मंगल दल की अध्यक्षा कशिश पंवार, पार्वती चौहान, देव सिंह पंवार, हरि मोहन, नवीन, संजय सहित ग्राम पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।


